डीयू एलुमना ने पीएसपीबी बाबा दीप सिंह महिला हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीता, 6-0 से दर्ज की जीत

डीयू एलुमना टीम ने पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह महिला हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए विवेकानंद कॉलेज को 6-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
मेजबान श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में डीयू एलुमना की अनुभवी खिलाड़ियों ने अपने कौशल और फिटनेस के दम पर विपक्षी टीम को पूरी तरह से दबाव में रखा।
विजेता टीम की ओर से सोनू शर्मा और मंजू ने तीन-तीन गोल दागे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार प्रदर्शन के लिए मंजू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
टूर्नामेंट के प्रमुख अवार्ड:
- सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: निधि (श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज)
- सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर: संगीता यादव (डीयू एलुमना)
- सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर: इंदरप्रीत कौर (डीयू एलुमना)
- सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड: सोनू शर्मा (डीयू एलुमना)
- टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: एकता (विवेकानंद कॉलेज)
पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व ओलंपिक हॉकी कप्तान ज़फर इक़बाल, खेल विभाग के अधिकारी एस. सुनील, प्रसिद्ध कॉमेंटेटर डॉ. रवि चतुर्वेदी, हॉकी इतिहासकार के. अरुमुगम और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर ज़फर इक़बाल ने खिलाड़ियों को लगातार मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया और हॉकी को बढ़ावा देने के लिए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।






