‘डोंट बी शाय’ में आलिया भट्ट ने महिला दृष्टिकोण और मजबूत किरदारों पर रखी अहम राय

प्राइम वीडियो और इटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस के सहयोग से बनी फिल्म ‘डोंट बी शाय’ ने लंदन में आयोजित ‘प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स: इंटरनेशनल ओरिजिनल्स’ इवेंट में खासा ध्यान आकर्षित किया। 12 फरवरी को हुए इस कार्यक्रम में आलिया भट्ट और निखिल माधोक एक साथ मंच पर नजर आए। यह इवेंट में शामिल एकमात्र भारतीय टाइटल था, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरीं।

फिल्म की कहानी 20 वर्षीय श्यामिली ‘शाय’ दास के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी सजी-संवरी जिंदगी एक अनचाहे मोड़ के बाद पूरी तरह बदल जाती है। कहानी में भावनात्मक गहराई के साथ युवाओं की मानसिक और सामाजिक चुनौतियों को दिखाया गया है।

मजबूत महिला किरदारों पर आलिया की राय

चर्चा के दौरान आलिया भट्ट ने कहा कि उनका झुकाव स्वाभाविक रूप से मजबूत महिला किरदारों की ओर रहता है। उन्होंने कहा कि फिल्म में जहां महिला दृष्टिकोण को प्रमुखता दी गई है, वहीं दो पुरुष किरदारों को भी बिल्कुल नए नजरिए से पेश किया गया है।

आलिया ने कहा,

“इस फिल्म में दो मेल कैरेक्टर्स को बेहद नए नजरिए से पेश किया गया है, जिसे लेकर मैं उत्साहित हूं।”

‘फीमेल फर्स्ट’ कहानियों को बढ़ावा

प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और हेड ऑफ ओरिजिनल्स निखिल माधोक ने बताया कि Prime Video हमेशा से ‘फीमेल फर्स्ट’ कहानियों को मंच देता रहा है। ऐसी कहानियां जिनमें महिला किरदारों को मजबूती, बारीकी और अपनी पसंद-नापसंद की स्वतंत्रता के साथ लिखा जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि कैमरे के आगे और पीछे नए टैलेंट को अवसर देना उनकी प्राथमिकता है और ‘डोंट बी शाय’ इस सोच का बेहतरीन उदाहरण है।

क्लासिक और फ्रेश का मेल

आलिया भट्ट ने फिल्म के अंदाज को क्लासिक और फ्रेश का मेल बताया। उनके अनुसार, इसमें समर और हॉलिडे फिल्म जैसी पुरानी यादों वाली फीलिंग है, लेकिन एक नई आवाज और ऊर्जा के साथ।

इस फिल्म का निर्माण Eternal Sunshine Productions के तहत आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट द्वारा किया गया है। फिल्म को स्रीती मुखर्जी ने लिखा और निर्देशित किया है।

‘डोंट बी शाय’ का अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत होना भारतीय कंटेंट के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का संकेत है। फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।

Share

Similar Posts