चीन दौरे पर रवाना हुए ट्रंप, शी जिनपिंग से टैरिफ, ईरान और व्यापार समझौते पर होगी अहम बातचीत

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump मंगलवार को चीन दौरे के लिए रवाना हो गए। वह बुधवार को बीजिंग पहुंचेंगे, जहां उनकी मुलाकात चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping से होगी। इस उच्चस्तरीय बैठक पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं, क्योंकि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, टैरिफ, खाड़ी क्षेत्र के तनाव और ईरान जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होनी है।

ट्रंप की यह दूसरी चीन यात्रा मानी जा रही है। इससे पहले वह अपने पहले कार्यकाल के दौरान वर्ष 2017 में चीन का दौरा कर चुके हैं। इस बार यात्रा का मुख्य उद्देश्य अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ को लेकर जारी तनाव को कम करना और व्यापारिक विवादों का समाधान तलाशना है। बताया जा रहा है कि अमेरिका के चीन को होने वाले 525 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात पर असर डालने वाले मुद्दों को लेकर भी चर्चा होगी।

अमेरिकी प्रशासन के अनुसार ट्रंप के साथ अमेरिकी कंपनियों के कई शीर्ष अधिकारी भी चीन पहुंचेगे। अमेरिकी उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति बुधवार शाम बीजिंग पहुंचेंगे और गुरुवार को स्वागत समारोह के बाद द्विपक्षीय बैठक में शामिल होंगे।

रवाना होने से पहले ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी बैठक का मुख्य विषय व्यापार रहेगा। उन्होंने शी को “अच्छा दोस्त” बताते हुए कहा कि दोनों के बीच अच्छे संबंध हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह यात्रा सकारात्मक परिणाम लेकर आएगी।

ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि या तो अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होगा या फिर ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने संकेत दिया कि चीन यात्रा के दौरान क्षेत्रीय संघर्ष विराम के भविष्य पर भी विचार किया जा सकता है।

इस बीच अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) में बदलाव की खबर भी सामने आई है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जानकारी देते हुए कहा कि Marty Makary ने एफडीए कमिश्नर पद से इस्तीफा दे दिया है और उनकी जगह Kyle Diamantas को कार्यवाहक कमिश्नर नियुक्त किया जाएगा।

वहीं ट्रंप ने मीडिया रिपोर्टिंग पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ईरान युद्ध को लेकर कुछ मीडिया संस्थानों की रिपोर्टिंग “लगभग देशद्रोह” जैसी प्रतीत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका विरोधी नैरेटिव दुश्मनों को फायदा पहुंचा सकता है।

Share

Similar Posts