प्रेग्नेंसी में ‘गर्भ संस्कार’ अपना रहीं दिव्यांका त्रिपाठी, बोलीं- सकारात्मक सोच से होता है बच्चे का बेहतर विकास

टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की थी, जिसके बाद से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
प्रेग्नेंसी के इस खास दौर में दिव्यांका ‘गर्भ संस्कार’ को अपना रही हैं। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसा तरीका है, जिसमें मां अपने गर्भ में पल रहे बच्चे से मानसिक और भावनात्मक रूप से जुड़ने की कोशिश करती है।
दिव्यांका का कहना है कि भले ही ‘गर्भ संस्कार’ के वैज्ञानिक प्रमाण पूरी तरह स्पष्ट न हों, लेकिन सकारात्मक सोच और अच्छा वातावरण हमेशा लाभदायक होता है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह इन दिनों अपने बच्चे से जुड़ने के लिए सकारात्मक बातें करती हैं, अच्छा संगीत सुनती हैं और अपने आसपास का माहौल शांत और सुखद बनाए रखने की कोशिश करती हैं।
दिव्यांका के अनुसार, ये छोटे-छोटे प्रयास मां और बच्चे के बीच एक गहरा भावनात्मक संबंध बनाते हैं और बच्चे के विकास में मदद कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कई बार उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे बच्चा उनकी बातों को समझ रहा है और उनसे जुड़ रहा है, जो उनके लिए बेहद खास अनुभव है।
गौरतलब है कि गुड़ी पड़वा के मौके पर दिव्यांका और उनके पति विवेक दहिया ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी। शादी के करीब 11 साल बाद यह कपल अपने पहले बच्चे का स्वागत करने जा रहा है।
दिव्यांका का यह अनुभव कई महिलाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है, जहां सकारात्मक सोच और भावनात्मक जुड़ाव को प्रेग्नेंसी के दौरान अहम बताया गया है।






