अंतिम ओवरों में चूक पड़ी भारी, दिनेश कार्तिक बोले– जितना चाहिए था उतने रन नहीं बना सके

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक ने टीम के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि टीम अंतिम ओवरों में उतने रन नहीं बना सकी, जितनी जरूरत थी, जिसका खामियाजा मैच में हार के रूप में सामने आया।
मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। टीम के लिए फिल साल्ट ने 63 रन की अहम पारी खेली। हालांकि, पारी के अंतिम ओवरों में रनगति धीमी पड़ गई, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। केएल राहुल (57) और ट्रिस्टन स्टब्स (60) ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, जबकि अंत में डेविड मिलर ने तेजतर्रार 22 रन बनाकर मैच खत्म कर दिया।
कार्तिक ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए चुनौतीपूर्ण थी और टीम ने लगभग 75 प्रतिशत समय तक अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने गेंदबाजों की भी तारीफ करते हुए कहा कि भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रासिख ने शानदार गेंदबाजी की और मैच को अंत तक रोमांचक बनाए रखा।
उन्होंने माना कि ऐसे करीबी मुकाबलों में छोटी-छोटी गलतियां भी बड़ा फर्क डालती हैं। कार्तिक ने कहा कि टीम को अपनी गलतियों से सीख लेकर आगे के मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने 175 रन को भी लगभग 190 जैसा बना दिया था।
अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का अगला मुकाबला 24 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होगा, जहां टीम वापसी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।






