बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का धमाका: 3 दिन में 500 करोड़ पार, रणवीर सिंह की फिल्म ने रचा इतिहास

धुरंधर 2: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म ने रिलीज के महज तीन दिनों में दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड बना दिया है।
भारत में भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक तीसरे दिन फिल्म ने 113 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसमें हिंदी वर्जन से 105 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 339.27 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
महज तीन दिनों में 300 करोड़ क्लब में शामिल होना फिल्म की जबरदस्त लोकप्रियता को दर्शाता है। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है और दर्शक रणवीर सिंह की एक्टिंग और निर्देशन की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
फिल्म को ईद वीकेंड का भी भरपूर फायदा मिला है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ओपनिंग वीकेंड में फिल्म 400 से 500 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर सकती है।
फिल्म में आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणवीर सिंह जासूस हमजा अली मजारी के किरदार में दिखाई दे रहे हैं।
वहीं, उस्ताद भगत सिंह को इस फिल्म से कड़ी टक्कर मिल रही है। पवन कल्याण की इस फिल्म ने पहले तीन दिनों में भारत में 52.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, लेकिन ‘धुरंधर 2’ की तेज रफ्तार के सामने इसकी कमाई धीमी पड़ती नजर आ रही है।






