| | | |

धुले से दबोचा गया भू-माफिया जफर: साले अज्जू ने खोले जमीन के खेल के कई राज; पर्दे के पीछे पैसा लगाने वालों तक पहुंची जांच

इंदौर। अवैध कॉलोनियां काटने और जमीन की धोखाधड़ी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा भू-माफिया जफर खान आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस उसे महाराष्ट्र के धुले से हिरासत में लेकर इंदौर लाई। शनिवार को कोर्ट में पेश कर उसका तीन दिन का रिमांड लिया गया है।

पुलिस अब उसके बैंक खातों, जमीन के सौदों और रुपयों के लेन-देन की परतें खोलने में जुटी है। इधर, सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी काटने के मामले में पहले पकड़े गए जफर के साले अज्जू खां ने पूछताछ में कई राज खोले हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अज्जू ने आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी भूमिका अवैध कॉलोनी बसाने, प्लॉट खरीदने-बेचने और पैसों के लेन-देन में बताई जा रही है। पुलिस इन नामों से जुड़े सबूत जुटा रही है। जफर और अज्जू के पकड़े जाने के बाद अब बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता भी पुलिस के पास पहुंच रहे हैं। पुलिस इन शिकायतों को पुराने मामलों और जमीन के दस्तावेजों से जोड़कर जांच रही है।

सिरपुर की 2.711 हेक्टेयर जमीन पर काटे छोटे-छोटे प्लॉट-
ग्राम सिरपुर स्थित सर्वे नंबर 233, रकबा 2.711 हेक्टेयर जमीन पर छोटे-छोटे प्लॉट काटकर अवैध कॉलोनी बसाने के मामले में मल्हारगंज तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसी मामले की जांच में अज्जू खान को पकड़ा गया। पूछताछ में अज्जू ने पुलिस को बताया कि इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड जफर खान था और उसके इशारे पर काम किया जा रहा था। कॉलोनी काटने से लेकर प्लॉट की खरीद-बिक्री और रुपयों के लेन-देन तक कई लोगों की भूमिका होने की जानकारी उसने पुलिस को दी है। इनमें कुछ नाम ऐसे भी बताए जा रहे हैं, जिनका जफर के साथ पहले भी पुलिस रिकॉर्ड में जिक्र रहा है।

जफर आगे, पर्दे के पीछे दूसरों का पैसा! –
चंदन नगर और सिरपुर क्षेत्र में जमीन के सौदों को लेकर पुलिस की जांच अब उन लोगों की तरफ भी बढ़ रही है, जो कथित तौर पर पर्दे के पीछे रहकर जफर के जरिए जमीन में पैसा लगाते थे। सूत्रों के मुताबिक अज्जू ने पूछताछ में ऐसे लोगों के बारे में भी जानकारी दी है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि जमीन खरीदने, कॉलोनी काटने और प्लॉट बेचने में पैसा किसका लगा और रकम आखिर किन खातों तक पहुंची। पुलिस का जोर दस्तावेजी और वित्तीय सबूत जुटाने पर है, ताकि भूमिका प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों को आरोपी बनाया जा सके। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में अकबर, जुबेर, जावेद और साजिद सहित आधा दर्जन से अधिक नाम सामने आए हैं। फिलहाल इनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

डेढ़ साल से गायब था जफर, अब खुल सकता है पूरा नेटवर्क-
जफर खान लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसके खिलाफ अवैध कॉलोनी, कब्जे और जमीन से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई थी कि मास्टर प्लान में एयरपोर्ट के लिए दर्ज जमीन पर गीता नगर, केशव नगर और लक्ष्मी नगर समेत आठ अवैध कॉलोनियां बसाई गईं। आरोप है कि इन कॉलोनियों में 1500 से अधिक प्लॉटों की नोटरी कर लोगों से करोड़ों रुपए लिए गए। इससे जुड़े कई पीड़ित लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं।

जफर के पकड़े जाने के बाद पुलिस के पास पुराने शिकायतकर्ता भी दोबारा पहुंचने लगे हैं। अब जफर के तीन दिन के रिमांड में पुलिस की कोशिश जमीन के इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की है। खासतौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध कालोनी में पैसा किसने लगाया, प्लॉट किसने बेचे और करोड़ों रुपए आखिर किन लोगों तक पहुंचे। अज्जू से मिले नाम और जफर से होने वाली पूछताछ के बाद मामले में नए आरोपियों के नाम जुड़ने की संभावना है।

Share