| | |

PM मोदी के जन्मदिन पर झाबुआ में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’: मंत्री निर्मला भूरिया की अपील; 17 सितंबर को घर-घर दीप जलेंगे 

झाबुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रदेशवासियों से इस अभियान में सहभागी बनने और 17 सितंबर की शाम अपने घर-आंगन में ‘एक दीया मोदी जी के नाम’ जलाने की अपील की है।

मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने महिलाओं के उत्थान, सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भागीदारी को विशेष महत्व देने की बात भी कही।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
मंत्री के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी की सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा पर्व के रूप में मनाते हुए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा।

एक दीया मोदी जी के नाम जलाने की अपील
मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रदेश की माताओं-बहनों, युवाओं और सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 17 सितंबर की शाम अपने घर और आंगन में एक दीपक प्रज्ज्वलित करें। उन्होंने कहा कि यह दीपक देशवासियों के विश्वास, सम्मान और कृतज्ञता के साथ-साथ बहनों और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का प्रतीक बने।

सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता का आह्वान
मंत्री ने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए लोगों से अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की।

Share