| |

शाजापुर में हाईवे के साइन बोर्ड गलत: 11 KM बाद शुजालपुर सिर्फ 1 किमी दूर; 6 महीने से नहीं सुधरा बोर्ड

शाजापुर। MPRDC के स्टेट हाईवे-17 पर लगे हाईवे लोकेशन मेकर को लेकर लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद लगाए गए संकेतक बोर्ड गलत स्थान पर लगा दिए गए हैं। 6 महीने से बोर्ड गलत दिशा और दूरी बता रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुंदरसी गांव में सुंदरसी थाना और सीएम राइज स्कूल के बीच लगाया जाने वाला लोकेशन मार्कर करीब 2 किमी आगे खड़ी-डोडिया ग्राम पंचायत की ओर लगा दिया गया है। इससे हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को सही दिशा और दूरी की जानकारी नहीं मिल पा रही है।

11 किमी चलने के बाद शुजालपुर की दूरी 1 किमी
मामले में संकेतक बोर्ड पर दर्शाई जा रही दूरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेट हाईवे पर करीब 11 किमी की यात्रा करने के बाद दूसरे बोर्ड पर शुजालपुर की दूरी महज 1 किमी बताई गई है। ऐसे में बोर्ड की लोकेशन और दूरी निर्धारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

ADB की राशि से बनी सड़क, MPRDC की निगरानी
यह सड़क खड़ी-डोडिया जोड़ से सुंदरसी होते हुए कालीसिंध ब्रिज तक जाती है। सड़क का निर्माण एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) की मद से हुआ है और इसकी निगरानी एमपीआरडीसी के जिम्मे है। बताया गया है कि श्रीजी इंफ्रा कंपनी को इस समूह में महिदपुर सड़क, नलखेड़ा-छापीहेड़ा और खड़ी-डोडिया जोड़ से सुंदरसी तक सड़क निर्माण के कार्य मिले थे।

6 महीने से नहीं सुधारे गए संकेतक
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित अधिकारी इस मार्ग से नियमित रूप से गुजरते हैं, इसके बावजूद गलत संकेतक बोर्ड लंबे समय से लगे हुए हैं। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग इन बोर्डों को कब दुरुस्त कराएगा और राहगीरों को सही दिशा व दूरी की जानकारी कब मिलेगी।

Share