झाबुआ में ‘ऑपरेशन मर्यादा’ का असर: 3 दिन में 339 पर कार्रवाई; स्टंट-रील बनाने वालों पर पुलिस की नजर

झाबुआ। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के साथ सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए झाबुआ पुलिस का ‘ऑपरेशन मर्यादा’ जारी है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने 16 सितंबर को तीसरे दिन 60 कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अभियान शुरू होने से अब तक कुल 339 वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी हैं।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं, छात्राओं और आमजन के लिए सुरक्षित वातावरण बनाना है। इसके तहत जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों, खतरनाक ड्राइविंग और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
स्टंट और सोशल मीडिया रील्स पर भी नजर
पुलिस सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे वाहन चालकों की विशेष चेकिंग कर रही है, जिनसे दुर्घटना की आशंका रहती है। तेज रफ्तार, खतरनाक स्टंट और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर है। अधिकारियों के मुताबिक हुड़दंग और स्टंट से जुड़ी रील्स या वीडियो सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल-कॉलेज और छात्राओं वाले इलाकों में पेट्रोलिंग
अभियान के तहत विद्यालय, महाविद्यालय, छात्रावास और छात्राओं के आवागमन वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है। स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय के अलावा शाम और रात में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है और प्रत्येक थाना क्षेत्र में विशेष टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं।

इन मामलों में होगी सख्ती
‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत पुलिस ने कई गतिविधियों को विशेष निगरानी के दायरे में रखा है। इनमें तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट, लापरवाही से वाहन चलाना, महिलाओं-छात्राओं से छेड़छाड़ या अभद्रता, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना, बाइक पर तीन सवारी, बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाना और संदिग्ध वाहनों की जांच शामिल है।
पुलिस का कहना है कि नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई के साथ अभिभावकों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्रवाई के साथ जागरूकता पर भी जोर
पुलिस के अनुसार अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है। बालक-बालिकाओं, विद्यार्थियों और आमजन को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि महिलाओं, छात्राओं और आमजन से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।