| | |

सांवेर में जर्जर मकान की दीवार गिरी: 3 महिलाओं की मौत 4 घायल; मलबे में दबे लोगों को निकाला

इंदौर। सांवेर के टशन चौराहे के पास बुधवार शाम पुराने और जर्जर मकान की दीवार अचानक गिर गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत 4 घायल । सभी मृतक मजदूर परिवार से बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शवों को सांवेर के जिला अस्पताल भेजा गया है।

एक महीने पहले इसी मकान का छज्जा गिर गया था। इसके बाद रहवासियों ने सांवेर नगर परिषद को इसकी जानकारी दी थी। शिकायत के बाद मकान मालिक को मकान खाली करने का नोटिस दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद मकान में लोग रह रहे थे। बुधवार को अचानक मकान की दीवार ढह गई और अंदर मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए।

तोड़फोड़ के दौरान गिरने की भी बात सामने आई
घटना को लेकर एक जानकारी यह भी सामने आई है कि पास की पुरानी जर्जर बिल्डिंग को हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान उससे लगी दूसरी इमारत की दीवार गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस पुरानी इमारत को हटाया जा रहा था, उसे स्थानीय लोग ‘नेताजी की बिल्डिंग’ के नाम से जानते हैं। दोनों निर्माण काफी पुराने और जर्जर बताए जा रहे हैं।

4 लोगों की मौत, 4 घायल
ग्रामीण डीएसपी उमाकांत चौधरी के मुताबिक, पुराने निर्माण को गिराने के दौरान मजदूर मलबे की चपेट में आए। हादसे में 3 महिलाओं की मौत और 4 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए इंदौर के अरबिंदो अस्पताल भेजा गया है।

नगर परिषद पर लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सांवेर नगर परिषद पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। रहवासियों का कहना है कि जर्जर मकान को लेकर करीब एक महीने पहले शिकायत की गई थी। लोगों का सवाल है कि मकान खाली करने का नोटिस दिए जाने के बाद भी वहां लोग कैसे रह रहे थे। हालांकि, इस संबंध में नगर परिषद का विस्तृत पक्ष अभी सामने नहीं आया है।

रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

मौके पर प्रशासन की टीम मौजूद
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए।

Share