|

धार में राशन की हेराफेरी का आरोप: अंगूठा लगवाकर रिकॉर्ड में बांटा अनाज; ग्रामीणों को नहीं मिला राशन

धार। धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हतनावर और डोंगरी में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सेल्समैन ने बायोमेट्रिक मशीन पर हितग्राहियों के अंगूठे लगवाकर सरकारी रिकॉर्ड में राशन वितरण दर्ज कर लिया, लेकिन उन्हें अनाज नहीं दिया।

अंगूठा लगवाकर नहीं दिया राशन
ग्रामीणों के अनुसार जरूरतमंदों से बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद राशन वितरण की प्रक्रिया रिकॉर्ड में पूरी कर दी गई। इसके बावजूद कई परिवारों को उनके हिस्से का अनाज नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि राशन नहीं मिलने से गरीब परिवारों को भरण-पोषण में परेशानी हो रही है और उन्हें उधार लेकर घर चलाना पड़ रहा है।

जांच में गड़बड़ी की पुष्टि
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद धरमपुरी तहसीलदार अंजली गुप्ता और मनावर एसडीएम प्रमोद गुर्जर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में राशन वितरण में भारी अनियमितता की पुष्टि होने की बात सामने आई है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर मनावर एसडीएम के निर्देश पर आरोपी सेल्समैन के खिलाफ शासकीय राशन की हेराफेरी के मामले में FIR दर्ज कर प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों ने जल्द राशन दिलाने की मांग की
पीड़ित ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें जल्द से जल्द उनका लंबित राशन दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवारों के हक का अनाज किसी भी हालत में नहीं रोका जाना चाहिए।

खाद्य विभाग की भूमिका पर भी उठे सवाल
मामले में स्थानीय खाद्य विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार मनावर एसडीएम ने संबंधित खाद्य विभाग के अधिकारियों को आरोपी सेल्समैन के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद कार्रवाई में देरी की गई।

ग्रामीणों ने दोबारा ज्ञापन देकर मामला अधिकारियों के संज्ञान में लाया। इसके बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Share