धार में नकद भुगतान बंद करने का विरोध: किसानों ने SDM और मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा; आंदोलन की चेतावनी दी

धार। मंडी बोर्ड द्वारा फार्म गेट ऐप के माध्यम से कृषि उपज बेचने वाले किसानों के लिए नकद भुगतान का विकल्प बंद किए जाने का विरोध तेज हो गया है। पहले से विरोध कर रहे व्यापारियों के बाद अब किसान संगठन भी समर्थन कर रहे हैं।
मंगलवार को राष्ट्रीय मजदूर किसान संघ के पदाधिकारियों ने कुक्षी में एसडीएम और मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपकर नकद भुगतान का विकल्प दोबारा शुरू करने की मांग की।
संघ के निर्माण प्रांत महामंत्री रामदास मुकाती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे किसान कम मात्रा में कृषि उपज बेचने मंडी पहुंचते हैं। ऐसे किसानों को बैंकिंग प्रक्रिया में उलझाने से उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई किसानों के पास मोबाइल फोन तक उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में डिजिटल या बैंक के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था उनके लिए व्यावहारिक नहीं है।
किसान भी बैंकिंग प्रक्रिया में उलझेंगे
मुकाती ने कहा कि यदि कोई किसान 25 या 50 किलो उपज बेचता है और वह डिजिटल भुगतान नहीं चाहता, तो उसे बैंकिंग प्रक्रिया में क्यों उलझाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां उपमंडी की सुविधा नहीं है, वहां छोटे किसानों को आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान मिलने में भी व्यावहारिक दिक्कतें हैं। किसान अपनी उपज बेचने के बाद रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदे या भुगतान के लिए बैंक के चक्कर लगाए।
व्यापारी-किसान प्रतिनिधियों ने भी रखीं समस्याएं
इस मामले को लेकर सोमवार को इंदौर संभाग के मंडी बोर्ड उपसंचालक अरविंद वर्मा ने व्यापारियों से चर्चा की थी। बैठक में व्यापारियों और किसान प्रतिनिधियों ने डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जुड़ी कई व्यावहारिक समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
समस्याओं का समाधान नहीं मिला
हालांकि, बैठक में समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। किसान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि संयुक्त संचालक द्वारा आयोजित बैठक में मंडी सचिव ने संगठन के प्रतिनिधियों को जानबूझकर शामिल नहीं किया।
मांग नहीं मानी तो आंदोलन
राष्ट्रीय मजदूर किसान संघ के रामदास मुकाती, रामेश्वर पाटीदार सहित पदाधिकारियों ने कहा कि मंडी बोर्ड के निर्णय से किसान और व्यापारी दोनों परेशान हैं। संगठन के प्रतिनिधि बुधवार को भोपाल पहुंचकर मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक (एमडी) से चर्चा करेंगे।
2 लाख तक नकद भुगतान वापस शुरू करने की मांग
संगठन की प्रमुख मांग फार्म गेट ऐप में 2 लाख तक की नकद भुगतान वाली खरीदी का विकल्प दोबारा बहाल करने की है। पदाधिकारियों ने कहा कि मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर मंडी में नीलामी और कामकाज बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।