धार में मजदूरों से भरा पिकअप पलटा, 16 की मौत; पीएम और सीएम ने जताया शोक

मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में 6 बच्चों समेत 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वाहन का टायर फटने से चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया। वाहन कई बार पलटते हुए डिवाइडर पार कर दूसरी ओर चला गया और सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो से टकरा गया। दुर्घटना के समय वाहन में करीब 46 लोग सवार थे, जिससे हादसे की भयावहता और बढ़ गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों के उपचार में जुटी हुई है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






