| |

धार में मक्का के खेत में मिला शव: काम करने पहुंचे लोगों ने देखा; सोमवार को हतनावर फाटे पर दिखा था व्यक्ति

धरमपुरी (धार)। हतनावर फाटे के पास बुधवार सुबह एक मक्का के खेत में 53 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। खेत में काम करने पहुंचे लोगों ने शव देखा तो उसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान रमेश पिता शोभान भिलाला (53), निवासी बगाड़ी के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रमेश छोटे-मोटे काम कर अपना गुजारा करता था। बताया जा रहा है कि वह सोमवार को हतनावर फाटे के आसपास देखा गया था। इसके बाद बुधवार सुबह उसका शव खेत में मिला।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share