धार : धरमपुरी में श्वान के साथ कथित दुष्कर्म का आरोप, पशु प्रेमियों ने FIR की मांग की
धार। जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र में एक श्वान (कुत्ते) के साथ कथित रूप से दुष्कर्म और क्रूरता का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीपल्स फॉर एनिमल्स (PFA) की जिलाध्यक्ष विजिया शर्मा ने धरमपुरी थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, घटना 17 जुलाई 2026 की शाम धरमपुरी-तारापुर रोड स्थित एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुई। आरोप है कि बस से सफर कर रहा एक व्यक्ति पेट्रोल पंप पर रहने वाले श्वान को अपने साथ पास के एक खेत में ले गया, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया।
आवेदन में दावा किया गया है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने घटना देखी तथा तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। शिकायतकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पीपुल्स फॉर एनिमल्स की जिलाध्यक्ष विजिया शर्मा ने कहा कि बेजुबान पशु के साथ हुई इस कथित घटना के दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं, धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।