इंदौर में DCP की कार ने स्कूटी को मारी टक्कर: डिवाइडर पर गिरा युवक; ड्राइवर लहराते हुए चला रहा था गाड़ी

इंदौर। ट्रैफिक नियमों का पालन कराने वाली इंदौर पुलिस के खुद ही नियमों को तोड़ रही है। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले DCP की नेमप्लेट लगी कार ने साइकिल सवार बच्चे और एक्टिवा सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आईं।
कार में दो पुलिसकर्मी मौजूद
घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसे एक राहगीर ने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था। वीडियो में MP 03 A 8674 नंबर की कार सड़क पर लहराते हुए जाती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि कार में दो पुलिसकर्मी मौजूद थे।
पहले बच्चे को मारी टक्कर, फिर बुजुर्ग को चपेट में लिया
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, कार क्लर्क कॉलोनी की ओर से आ रही थी। इसी दौरान उसने साइकिल से जा रहे बच्चे को टक्कर मार दी। बच्चा सड़क पर गिर गया। आरोप है कि ड्राइवर ने वाहन रोककर मदद करने के बजाय कार आगे बढ़ा दी।
बुजुर्ग को भी टक्कर मारी
एक राहगीर ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया और बाइक से कार का पीछा किया। कुछ दूरी पर कार ने एक्टिवा सवार बुजुर्ग को भी टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि दोनों हादसों में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
ड्राइवर के नशे में होने का आरोप
वीडियो में कार कई बार सड़क पर इधर-उधर लहराती दिखाई दे रही है। राहगीरों ने ड्राइवर के नशे में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, ड्राइवर नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही होगी।कार कलश चौराहे से होते हुए भंडारी ब्रिज की ओर गई। इस दौरान कई वाहन चालक कार से बचते हुए नजर आए। पुलिस वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।