| |

धार में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 5.22 लाख की अवैध शराब और 4500 किलो महुआ लहान जब्त

धार जिले में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब और महुआ लहान जब्त किया गया है।

यह कार्रवाई पीथमपुर के सागौर वृत्त अंतर्गत भौंरिया तालाब, उसके आस-पास की खदानों, सतनाला, खेड़ा और जामोदी क्षेत्रों में की गई। टीम ने मौके से लगभग 4500 किलोग्राम महुआ लहान और 480 लीटर हाथ भट्टी (कच्ची) मदिरा बरामद की। इस संबंध में कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री दिनेश उदेनिया ने बताया कि जब्त की गई इस पूरी सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 5,22,000 रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग ने सभी मामलों को विवेचना में ले लिया है और आगे की कानूनी जांच जारी है।

इस छापामार कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुनेन्द्र सिंह जादौन, राज कुमार शुक्ला, प्रशांत मंडलोई, निलेश नेमा, शालिनी सिंह, अविनाश भूरिया, संग्राम सिंह गोरे, अश्विनी रोजड़े, जितेंद्र राठौड़, सुरेश चौघड़, संजय मंसारे, आशीष माली और रीना भंडोले शामिल थे।

Share