| |

धार में 56 फीट ऊंची गणेशोत्सव झांकी बनेगी: मत्स्य अवतार का पौराणिक प्रसंग दिखेगा; महाआरती के बाद होगा अनावरण

धार। श्री विजय श्री स्पोर्ट्स क्लब परिवार की वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाजहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक की शुरुआत क्लब के दिवंगत सदस्यों स्व. महावीर जैन, स्व. आकाश वर्मा और स्व. डॉ. कमल चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उनकी स्मृति में क्लब सदस्यों ने नेत्रदान करने का संकल्प लिया।

क्लब परिवार ने निर्णय लिया कि आगामी गणेश उत्सव या धार नगर में होने वाले किसी भी आयोजन के लिए नगरवासियों से चंदा नहीं लिया जाएगा। आयोजन का पूरा खर्च क्लब के सदस्य स्वयं मिलकर उठाएंगे।

56 फीट की झांकी रहेगी आकर्षण
आयोजक विशाल राठौर ने बताया कि इस वर्ष चल समारोह में 56 फीट ऊंची भव्य झांकी तैयार की जा रही है। झांकी में भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार के पौराणिक प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

गणेशोत्सव में स्थापित होने वाली प्रतिमा का अनावरण पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा और धार विधायक श्रीमती नीना वर्मा द्वारा किया जाएगा। इसके बाद भव्य महाआरती आयोजित होगी।

मुन्नालाल वर्मा बने समिति अध्यक्ष
आयोजनों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मुन्नालाल वर्मा को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में क्लब के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Share