झाबुआ में बारिश के बीच भी नहीं थमा आस्था का सैलाब: बाबा रामदेवजी और मां आई माताजी का जन्मोत्सव; शोभायात्रा भी निकली

झाबुआ। रायपुरिया में भादवा माह की बड़ी बीज पर लोक देवता बाबा रामदेव जी और जगत जननी मां आई माताजी का जन्मोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। दिनभर हुई बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं रही।
सुबह से ही क्षेत्र के रामदेव जी और आई माता मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। बस स्टैंड स्थित रामदेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं। भक्तों ने दर्शन कर मन्नतें मांगी और पूजा-अर्चना की।
बारिश में भी निकली शोभायात्रा
जन्मोत्सव के अवसर पर क्षेत्र के अलग-अलग मंदिरों में महाप्रसादी और भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर बाद बाबा रामदेव जी और मां आई माताजी की भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं।
बाबा रामदेव जी की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और थिरकते नजर आए। बारिश के बावजूद शोभायात्रा में लोगों का उत्साह बना रहा।

आकर्षक लाइटों से सजाया मां आई माताजी का मंदिर
मां आई माताजी का 611वां जन्मोत्सव भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आई माता मंदिर को आकर्षक लाइट डेकोरेशन से सजाया गया था। समाजजनों ने सुबह मंदिर में गादी चढ़ाई। इसके बाद महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
बग्गी और बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा
दोपहर 3 बजे बाद बग्गी और बैंड-बाजों के साथ मां आई माताजी की तस्वीर की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पूजा-अर्चना की गई।
बाबा रामदेव जी और मां आई माताजी के दोहरे जन्मोत्सव को लेकर पूरे दिन रायपुरिया अंचल में धार्मिक माहौल बना रहा। बारिश के बावजूद कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं और समाजजनों की अच्छी भागीदारी रही।