धार में 72 बसों की जांच, 33 पर कार्रवाई: 2.68 लाख रुपए जुर्माना वसूला; बिना परमिट चल रहीं बस, 2 बसें जब्त

धार। परिवहन आयुक्त और कलेक्टर धार के निर्देश पर परिवहन विभाग ने यात्री बसों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। 13 सितंबर सहित पिछले दिनों जैतपुरा, दसई, राजगढ़ और सरदारपुर क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान 72 यात्री बसों की जांच की गई।
जांच में 33 वाहन नियमों का उल्लंघन करते मिले। इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग ने कुल 2 लाख 68 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूला। अभियान के दौरान 3 यात्री बसों को जब्त भी किया गया।
फिटनेस-बीमा से लेकर अग्निशमन यंत्र तक जांचे
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार हृदेश यादव, जिला परिवहन अधिकारी झाबुआ कृतिका मोहता, परिवहन उप निरीक्षक दिव्या पाटीदार और सहायक वर्ग-2 मधुकर सिसोदिया सहित टीम ने बसों के फिटनेस, बीमा, परमिट और निर्धारित यात्री क्षमता की जांच की।
इसके अलावा बसों में मौजूद अग्निशमन यंत्र सहित अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों और दस्तावेजों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने यात्री सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों को भी परखा।

बिना परमिट चल रही 2 बसें पकड़ीं
चेकिंग के दौरान जब्त की गई 3 बसों में से 2 बिना परमिट संचालित होती मिलीं। वहीं एक बस का पंजीयन निरस्त होने के बावजूद उसका संचालन किया जा रहा था।
तीनों बसों को अमझेरा और सरदारपुर थाने में निराकरण की प्रत्याशा में रखा गया है। पंजीयन निरस्त होने के बावजूद संचालित की जा रही बस को सरदारपुर थाने में जब्त किया गया।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
परिवहन विभाग के अनुसार यात्री बसों के साथ अन्य वाहनों की जांच का अभियान भी आगे जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ यात्री और सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है।