मंगेतर को घर से लेकर लौट रहा था युवक, तेज रफ्तार बाइक नहर की दीवार से टकराई; युवक की मौत, युवती गंभीर घायल
मध्य प्रदेश के धरमपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम काकड़दा में नर्मदा परियोजना की ओंकारेश्वर नहर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि उसकी मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गई। धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी ने बताया कि ग्राम काकड़दा निवासी गणेश पिता मंसा राम की करीब दो-तीन महीने पहले मानपुर चोरल निवासी रीना पिता रमेश मुनिया से सगाई हुई थी।
गणेश अपनी मंगेतर को लेने उसके घर गया था, जहां रात में खाना खाने के बाद दोनों करीब 10:30 बजे मोटरसाइकिल से वापस निकले थे। रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच अत्यधिक तेज रफ्तार होने के कारण मोटरसाइकिल मोड़ पर कट नहीं पाई और सीधे नहर की कंक्रीट की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गणेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रीना के दोनों हाथ और पैर फ्रैक्चर हो गए, जिसे एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का कहना है
पुलिस को जांच के दौरान मृतक की दाहिनी जेब से 500 एमएल बीयर का केन और बाईं जेब से देशी मसाला शराब का क्वार्टर, ₹90 व कुछ पाउच मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।