|

देवास में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का दुकानदारों ने किया विरोध: कहा- सिर्फ छोटे दुकानदार निशाने पर; बड़ों को मिल रही छूट

देवास। नगर पालिका परिषद की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को लेकर कन्नौद में स्थानीय दुकानदारों में असंतोष देखने को मिल रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि कार्रवाई में भेदभाव किया जा रहा है और छोटे व गरीब दुकानदारों को ही निशाना बनाया जा रहा है।

कन्नौद निवासी शंकरलाल मालवीय का कहना है कि वे करीब 70 वर्षों से गुमटी रखकर अपना जीवनयापन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका की टीम उनकी गुमटी हटाने और उसके पिलर काटने की कार्रवाई कर रही है, जबकि शहर में मौजूद बड़े पक्के अतिक्रमणों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

बड़े अतिक्रमणों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप
शंकरलाल के अनुसार, बस स्टैंड और मुख्य बाजार क्षेत्र में कई जगह स्वीकृत आकार से दो से तीन गुना बड़े पक्के निर्माण और दुकानें बनी हुई हैं। उनका आरोप है कि इन अतिक्रमणों के खिलाफ नगर पालिका द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

दुकानदार का कहना है कि नगर पालिका अधिकारी और पुलिस प्रशासन छोटे दुकानदारों को हटाने के लिए दबाव बना रहे हैं, जबकि बड़े अतिक्रमणकारियों को कार्रवाई के लिए समय दिए जाने की बात कही जा रही है।

निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
दुकानदार ने मांग की है कि यदि नगर पालिका को अतिक्रमण हटाना है तो पूरे नगर में समान रूप से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पहले उन पक्के अतिक्रमणों को हटाया जाना चाहिए, जिनसे शहर में यातायात और आवागमन प्रभावित हो रहा है।

Share