| | |

देपालपुर में जन्मदिन के अगले दिन आग में झुलसी बच्ची की मौत: रसोई में खेल रही थी मासूम; मां की साड़ी से फैली आग

इंदौर। देपालपुर तहसील के ग्राम कुंगारा में सोमवार सुबह हादसा हो गया। रसोई में खाना बनाते समय मां की साड़ी में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी 2 वर्षीय बेटी शृष्टि गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।

मां ने वीडियो कॉल से दी जानकारी
मां काजल मूक-बधिर होने के कारण मदद के लिए आवाज नहीं लगा सकी। उसने किसी तरह खेत पर काम कर रहे परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत घर पहुंचे और दोनों को अस्पताल लेकर गए।

इलाज के दौरान बच्ची की मौत 
अस्पताल में उपचार के दौरान 2 वर्षीय शृष्टि की मौत हो गई, जबकि मां काजल का इलाज जारी है। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

जन्मदिन के अगले दिन ही उजड़ गई खुशियां
परिजनों के लिए यह हादसा और भी दुखद इसलिए है, क्योंकि घटना से एक दिन पहले ही शृष्टि का दूसरा जन्मदिन मनाया गया था। जिस घर में खुशियां थीं, वहां अब मातम छा गया है।

Share