देपालपुर में बायो डीजल पंप पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 6 हजार लीटर संदिग्ध तेल जब्त; पंप सील
इंदौर जिले के देपालपुर के मेथवाड़ा स्थित एक बायो डीजल पंप पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 हजार लीटर संदिग्ध बायो डीजल जब्त किया है। जब्त किए गए तेल की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि पंप संचालक अधिकृत लाइसेंस प्राप्त कंपनियों के बजाय अनधिकृत फर्मों से बायो डीजल की सप्लाई ले रहे थे, जिससे गंभीर अनियमितताओं की आशंका जताई गई है।
डिस्पेंसिंग यूनिट और भूमिगत टैंक किए सील
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पंप की बिक्री तत्काल प्रभाव से बंद कर दी। साथ ही डिस्पेंसिंग यूनिट और भूमिगत टैंक को सील कर दिया गया है, ताकि आगे किसी तरह की बिक्री या छेड़छाड़ न हो सके।
जांच जारी, हो सकती है बड़ी कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। जब्त बायो डीजल के सैंपल की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद संबंधित पंप संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई के बाद हड़कंप की स्थिति है और प्रशासन क्षेत्र के अन्य ईंधन केंद्रों की भी जांच की तैयारी में जुटा हुआ है।





