दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब, AQI 400 पार; ग्रेप 4 की पाबंदियां लागू

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में तेज गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को शाम 4 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 पार कर गया और रात 8 बजे तक 428 तक पहुंच गया। इसके मद्देनजर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेप 4 की पाबंदियां लागू कर दी हैं।
वायु गुणवत्ता की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए और आगे और अधिक गिरावट को रोकने के उद्देश्य से ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) की उप-समिति ने पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में स्टेज 4 यानी गंभीर श्रेणी के कड़े कदम तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, प्रतिकूल मौसमीय परिस्थितियां और प्रदूषकों का फैलाव न होना दिल्ली की हवा की स्थिति को और खराब कर रहा है। ग्रेप स्टेज 4 के उपाय पहले से लागू स्टेज-I, II और III के उपायों के अतिरिक्त होंगे, जिससे प्रदूषण बढ़ने और नागरिकों के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।
आयोग ने सभी राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे औद्योगिक उत्सर्जन पर निगरानी, निर्माण गतिविधियों पर नियंत्रण, धूल प्रबंधन और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करें।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा मौसम के कारण आने वाले दिनों में भी वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना कम है। ऐसे में प्रशासन और जनता से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले में गतिविधियां सीमित रखें और प्रदूषण कम करने में सहयोग करें।






