दिल्ली मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, सिविक सेंटर में हाई अलर्ट, सर्च ऑपरेशन जारी

राजधानी दिल्ली में उस समय हड़कंप मच गया जब सिविक सेंटर स्थित महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
दिल्ली पुलिस की विशेष टीम, बम निरोधक दस्ता और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल जांच में किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक यह धमकी राजा इकबाल सिंह के कार्यालय को ई-मेल के जरिए दी गई। मेल में दोपहर 2:11 बजे के आसपास विस्फोट करने की बात कही गई थी। यह धमकी कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ नामक समूह के नाम से भेजी गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना के बाद पूरे सिविक सेंटर और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि हर पहलू की जांच की जा रही है और किसी भी संभावित खतरे को गंभीरता से लिया जा रहा है।
इस बीच अंकुश नारंग ने इस घटना पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती दिख रही है और इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी हाल ही में दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, हालांकि उस मामले में भी जांच के दौरान कुछ संदिग्ध नहीं मिला था। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के चलते राजधानी की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।






