देहरादून-पिथौरागढ़ विमान सेवा शुरू, मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ

उत्तराखंड में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस नई सेवा से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर लगभग एक घंटा रह जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई यह सेवा सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे सीमांत क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और विकास को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि उड़ान योजना के तहत देशभर में हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है और आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा सुलभ बनी है। उत्तराखंड में वर्तमान में इस योजना
के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं।
राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत भी कई नए मार्गों पर उड़ानें संचालित की जा रही हैं। बीते वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
यह सेवा एलाइंस एयर द्वारा 42 सीटों वाले विमान से संचालित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के जरिए शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार का भरोसा दिलाया।
सरकार का मानना है कि यह Dehradun Pithoragarh flight सेवा न केवल यात्रियों के लिए समय की बचत करेगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूती प्रदान करेगी, जिससे उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।






