|

दायरा’ का ट्रेलर रिलीज: करीना ने पृथ्वीराज के एनकाउंटर पर उठाए सवाल; कानून-इंसाफ की दिखी जंग

मुंबई। करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म ‘दायरा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है। यह एक क्राइम थ्रिलर है। फिल्म की कहानी अपराध, कानून और इंसाफ के बीच के टकराव पर आधारित है। ट्रेलर में करीना और पृथ्वीराज दोनों पुलिस अधिकारी के रोल में नजर आ रहे हैं।

क्या गंभीर अपराध करने वाले आरोपी के खिलाफ कानून से बाहर जाकर कार्रवाई करना सही है? ‘दायरा’ का ट्रेलर इसी सवाल के आसपास घूमता है। फिल्म में पुलिस की कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया के बीच टकराव दिखाया गया है।

मेघना गुलजार ने इससे पहले भी गंभीर सामाजिक और वास्तविक घटनाओं से जुड़े विषयों पर फिल्में बनाई हैं। ‘तलवार’, ‘छपाक’ और ‘सैम बहादुर’ उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं।

रेप केस से शुरू होती है कहानी
ट्रेलर की शुरुआत एक परेशान महिला से होती है। वह अपनी बेटी को तलाश रही है। इसके बाद कहानी एक गंभीर गैंगरेप केस की ओर बढ़ती है। पृथ्वीराज फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं। वह मामले के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते नजर आते हैं। ट्रेलर में एक ऐसा सीन भी है, जिसमें वह आरोपियों को एक सुनसान जगह ले जाते हैं। इसके बाद उन्हें गोली मारते हुए दिखाया गया है। बाद में इसे एनकाउंटर बताया जाता है।

इसके बाद कहानी में करीना कपूर की एंट्री होती है। वह एनकाउंटर की जांच करती हैं। करीना का किरदार पृथ्वीराज के पुराने एनकाउंटर मामलों को भी खंगालता है। वह उनसे सवाल करती हैं कि क्या हर मामले में ऐसी कार्रवाई सही थी। जांच के दौरान पुलिस घटनास्थल को दोबारा रीक्रिएट करती है। पृथ्वीराज को चेतावनी भी दी जाती है। लेकिन वह अपने फैसले से पीछे नहीं हटते।

‘एक और परिवार ने बेटी खो दी’
ट्रेलर में पृथ्वीराज का किरदार एनकाउंटर के बाद अपने फैसले का बचाव करता है। उसका कहना है कि एक और परिवार ने अपनी बेटी खो दी है। वह आरोपियों को सजा देना जरूरी मानता है। वहीं करीना का किरदार इस कार्रवाई पर सवाल उठाता है। वह कहती हैं कि कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई होनी चाहिए।

जांच के दौरान करीना को पता चलता है कि एनकाउंटर में मारे गए आरोपियों में से एक की उम्र 17 साल होने वाली थी। इसके बाद मामला और गंभीर हो जाता है। यहीं से फिल्म में कानून और इंसाफ के बीच टकराव देखने को मिलता है।

‘दायरा’ में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार साथ नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण Junglee Pictures और Pen Studios ने किया है। फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। करीना कपूर की बड़े पर्दे पर वापसी भी करीब दो साल बाद हो रही है। वह आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में नजर आई थीं।

Share