| |

DAVV नालंदा परिसर में बड़ा हादसा होने का इंतजार? पार्किंग शेड पर लटका विशाल पेड़, बिजली के तार पर बढ़ा दबाव, छात्रों की जान जोखिम में

इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के नालंदा परिसर में प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर आते ही स्थित टू-व्हीलर पार्किंग में एक विशालकाय पेड़ का हिस्सा पार्किंग शेड पर गिरा हुआ है, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसी पार्किंग में रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं और कर्मचारी अपने दोपहिया वाहन खड़े करते हैं।

चिंता की बात यह है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पेड़ पूरी तरह भीग चुका है, जिससे उसका वजन और अधिक बढ़ गया है। भारी पेड़ का पूरा दबाव पार्किंग शेड पर बना हुआ है, वहीं पास से गुजर रही बिजली की वायर पर भी पेड़ का दबाव साफ देखा जा सकता है। यदि तेज बारिश या हवा के दौरान यह पेड़ या शाखा टूट कर गिरती है, तो न केवल वाहनों को भारी नुकसान हो सकता है बल्कि बिजली का तार टूटने से करंट फैलने जैसी गंभीर स्थिति भी बन सकती है, जिससे किसी की जान भी जा सकती है।

इतना ही नहीं, पार्किंग परिसर में लोहे के पाइप और स्क्रैप का ढेर भी खुले में पड़ा हुआ है, जिससे छात्रों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सवाल यह है कि जब खतरा साफ नजर आ रहा है, तब भी विश्वविद्यालय प्रशासन आखिर किस बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते इस पेड़ को नहीं हटाया गया और पार्किंग क्षेत्र को सुरक्षित नहीं बनाया गया, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

Share