DAVV मेडिकल कॉलेज प्रोजेक्ट होल्ड नहीं: बाणगंगा में आयुष अस्पताल- कॉलेज की तैयारी; केंद्र से राशि का इंतजार

इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज और बाणगंगा स्थित आयुष अस्पताल प्रोजेक्ट को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। प्रशासन के मुताबिक मेडिकल कॉलेज प्रोजेक्ट किसी भी तरह से होल्ड नहीं हुआ है।
बड़े बजट वाले प्रोजेक्ट्स में स्वीकृति और अन्य प्रक्रियाओं में समय लगता है, इसलिए जरूरी औपचारिकताएं लगातार पूरी की जा रही हैं।
बाणगंगा में आयुष अस्पताल और कॉलेज की तैयारी
DAVV के बाणगंगा परिसर की जमीन पर अस्पताल और कॉलेज शुरू करने की योजना को लेकर विश्वविद्यालय ने आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की विशेष योजना के तहत प्रस्ताव तैयार किया है।
यह प्रस्ताव इंदौर सांसद शंकर लालवानी के माध्यम से केंद्रीय राज्य मंत्री को सौंपा गया है। योजना के तहत अस्पतालों के उन्नयन के साथ उन्हें शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ने और इसके लिए वित्तीय सहायता देने का प्रावधान है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, केंद्र सरकार से राशि स्वीकृत होते ही बाणगंगा परिसर में आयुष अस्पताल और शैक्षणिक संस्थान के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज प्रोजेक्ट पर क्या बोला विश्वविद्यालय प्रशासन?
मेडिकल कॉलेज प्रोजेक्ट को लेकर चल रही चर्चाओं पर विश्वविद्यालय अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रोजेक्ट को होल्ड नहीं किया गया है। बड़े बजट वाले प्रोजेक्ट में प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृतियों के साथ कई जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं।