| |

आलीराजपुर में राशन दुकान से 30 कट्टे गेहूं-चावल चोरी: 3 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप समेत 5.52 लाख का माल जब्त

आलीराजपुर। शासकीय उचित मूल्य दुकान का ताला तोड़कर गेहूं-चावल के 30 कट्टे चोरी हुए थे। चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने चोरी का माल बेचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने कोरियापान-खुटाजा तिराहे पर घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप को पकड़ा। वाहन की तलाशी में चोरी किए गए 30 कट्टे अनाज बरामद हुए। पुलिस ने पिकअप भी जब्त कर ली। बरामद अनाज और वाहन की कुल कीमत करीब 5.52 लाख रुपए बताई गई है।

4 अगस्त को टूटा था दुकान का ताला
पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त को कोरियापान स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का ताला टूटा मिला था। दुकान में रखा गेहूं और चावल गायब था। शिकायत मिलने के बाद चंद्रशेखर आजादनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
पुलिस चोरी के आरोपियों और अनाज की तलाश में जुटी थी। मंगलवार 11 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि कोरियापान-खुटाजा तिराहे पर एक बोलेरो पिकअप में चोरी का अनाज भरा हुआ है और तीन लोग उसे बेचने की तैयारी में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तिराहे की घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की बोलेरो पिकअप वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को घेरकर उसमें बैठे तीनों लोगों को पकड़ लिया।

पूछताछ में राशन दुकान की चोरी से जुड़ा मामला सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निलेश पिता शब्बु मेडा, मनीष पिता धनसिंह और प्रकाश पिता नानजी, सभी निवासी कोरियापान के रूप में हुई है।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें गेहूं-चावल के कट्टे मिले। पूछताछ में आरोपियों का संबंध कोरियापान की शासकीय उचित मूल्य दुकान से चोरी हुए अनाज से सामने आया। पुलिस के मुताबिक चोरी के बाद अनाज को पिकअप में भरकर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

52 हजार का अनाज और 5 लाख की पिकअप जब्त
पुलिस ने बोलेरो पिकअप क्रमांक GJ05BX7192 से कुल 30 कट्टे अनाज बरामद किए। बरामद अनाज की कीमत करीब 52 हजार रुपए बताई गई है। वहीं चोरी के परिवहन में इस्तेमाल पिकअप की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए है। पुलिस ने कुल करीब 5 लाख 52 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।

चोरी के पीछे और कौन, पुलिस कर रही पूछताछ
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राशन दुकान में चोरी की योजना कैसे बनाई गई थी। वारदात में इनके साथ और कौन लोग शामिल थे और चोरी का अनाज किसे बेचा जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस पूछताछ में मामले से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।

Share