| |

एमपी में एनालॉग पनीर की बिक्री पर लगेगी रोक : असली और नकली में अंतर करना मुश्किल; मंत्री ने दिए संकेत

भोपाल। प्रदेश में अब एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक लगाई जा सकती है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा है कि सरकार इस दिशा में जल्द कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि एनालॉग पनीर को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति है और इसे असली पनीर की तरह बेचे जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।

असली और एनालॉग पनीर में अंतर करना मुश्किल
मंत्री ने कहा कि बाजार में मिलने वाले एनालॉग पनीर और असली पनीर को देखकर आम ग्राहक के लिए अंतर करना आसान नहीं होता। इसी वजह से कई बार ग्राहक को सही जानकारी नहीं मिल पाती और वह भ्रम में एनालॉग पनीर खरीद लेता है।

महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में प्रतिबंध
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में एनालॉग पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। मध्यप्रदेश में भी अब इसे लेकर सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।

फूड सेफ्टी से मिली है बिक्री की अनुमति
एनालॉग पनीर को अलग श्रेणी में फूड सेफ्टी के नियमों के तहत बिक्री की अनुमति मिली हुई है। हालांकि, इसे लेकर सरकार का कहना है कि ग्राहक को उत्पाद की सही जानकारी मिलना जरूरी है। यदि एनालॉग पनीर को असली पनीर बताकर बेचा जाता है तो इससे उपभोक्ता के साथ धोखा होता है।

मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले की समीक्षा कर रही है। इसके बाद प्रदेश में एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक लगाने को लेकर फैसला लिया जाएगा।

Share