|

DAVV जनसुनवाई में छात्रों की गुहार! MPPSC आवेदन से पहले रिजल्ट जारी करने की मांग

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) इंदौर में आयोजित जनसुनवाई में छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं से जुड़े 15 से अधिक मामले सामने आए। विभिन्न विभागों के छात्र मार्कशीट, परीक्षा परिणाम और परीक्षा फॉर्म संबंधी समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे और प्रशासन से समाधान की मांग की।

MPPSC आवेदन से पहले रिजल्ट जारी करने की मांग

जनसुनवाई में एम.ए. हिस्ट्री फोर्थ सेमेस्टर के छात्रों का एक समूह पहुंचा, जिन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से 25 मई से पहले परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग की।

छात्रों का कहना था कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 9 जून तय की गई है। यदि समय पर परिणाम जारी नहीं हुआ, तो वे भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने से वंचित हो सकते हैं।

छात्रों की मांग को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित विभाग से जानकारी मांगी। डीएवीवी परीक्षा नियंत्रक अशेष तिवारी ने आश्वासन दिया कि एम.ए. फोर्थ सेमेस्टर का रिजल्ट 25 मई से पहले जारी कर दिया जाएगा।

परीक्षा फॉर्म नहीं भरने वाले छात्र परीक्षा से बाहर

वहीं, विश्वविद्यालय में फर्स्ट ईयर की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। कुछ छात्र ऐसे भी जनसुनवाई में पहुंचे, जिन्होंने समय पर एग्जाम फॉर्म नहीं भरा था और उन्हें परीक्षा से बाहर रखा गया है।

परीक्षा नियंत्रक अशेष तिवारी ने बताया कि छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने के लिए तीन महीने का समय दिया गया था। अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने के कारण फॉर्म दोबारा भरना संभव नहीं है

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन छात्रों ने तय समय में फॉर्म नहीं भरा, उन्हें अब अगले वर्ष परीक्षा में शामिल होना होगा

छात्रों की समस्याओं के समाधान पर फोकस

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई के माध्यम से छात्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है, ताकि परीक्षा और परिणाम से जुड़े मामलों का जल्द समाधान किया जा सके।

Share

Similar Posts