| |

उज्जैन के मंगलनाथ मंदिर में VIP प्रवेश के लिए हुआ विवाद; कर्मचारी और भक्तों के बीच हाथापाई; पुलिस में नहीं की शिकायत

उज्जैन। प्रसिद्ध मंगलनाथ मंदिर में सोमवार दोपहर दर्शन के दौरान वीआईपी गेट से प्रवेश को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि एक दर्शनार्थी परिवार गेट से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था।

मंदिर कर्मचारी ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर परिवार के सदस्यों और कर्मचारी के बीच हाथापाई हो गई।

घटना से कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला शांत कर लिया और पुलिस में शिकायत नहीं की।

वीआईपी गेट से मंदिर में जाना चाहते थे 
पूरी घटना मंगलनाथ मंदिर में सोमवार दोपहर 3 बजे वीआईपी गेट की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिवार वीआईपी गेट से मंदिर में जाना चाहता था, लेकिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी दिलीप गुप्ता ने उन्हें रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।

हाथापाई तक पहुंचा विवाद 
मामला बढ़ने पर कर्मचारी ने सख्ती दिखाई, जिसके बाद विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। धक्का देने की बात पर परिवार के सदस्यों ने कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। पुजारी और अन्य दर्शनार्थियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया। बाद में मामला शांत हो गया।

प्रशासक के समझाने के बाद मामला हुआ शांत
सूत्रों के मुताबिक, परिवार सेना से जुड़ा है। गेट पर रोके जाने से नाराज परिवार की कर्मचारी से कहासुनी हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासक केके पाठक मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।

दोनों पक्षों ने कोई शिकायत नहीं की
बाद में परिवार को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए गए। प्रशासक के अनुसार, विवाद का कारण केवल प्रवेश को लेकर हुई नाराजगी थी। दोनों पक्षों ने कोई शिकायत नहीं की और परिवार संतुष्ट होकर मंदिर से रवाना हुआ।

Share