|

दरभंगा में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी और तीन बच्चों की हत्या की, फिर खुद को किया घायल

बिहार के दरभंगा जिले से मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित तौर पर घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी। यह दर्दनाक वारदात पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव में हुई। घटना के बाद आरोपित ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

पत्नी और बच्चों पर डंडे-रॉड से हमला

पुलिस के अनुसार, आरोपित संदीप दास ने पत्नी और बच्चों पर डंडा और लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में पत्नी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

एक बच्चा मिला था जिंदा, अस्पताल में तोड़ा दम

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एक बच्चे को गंभीर अवस्था में जीवित पाया। उसे तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह इस दर्दनाक घटना में कुल चार लोगों की जान चली गई

मजदूरी करता था पूरा परिवार

जानकारी के मुताबिक, आरोपित संदीप दास अपनी पत्नी और बच्चों के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गी फार्म में मजदूरी करता था। मृतका की पहचान फूल कुमारी दास (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले की रहने वाली थीं।

मृत बच्चों की पहचान हृदय दास (7), संध्या दास (6) और सोन दास (5) के रूप में हुई है।

घरेलू विवाद के बाद हिंसक हुआ मामला

मृत बच्चों के मामा मंगू दास ने बताया कि मंगलवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद संदीप दास ने गुस्से में आकर परिवार पर हमला कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने खुद को भी घायल कर लिया। फिलहाल उसे डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Share

Similar Posts