सीरिया दौरे पर मैक्रों सुरक्षित, होटल के पास धमाके के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई
सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के दौरान उनके ठहरने वाले होटल के पास धमाका हुआ। स्थानीय मीडिया के अनुसार, लोगों ने एक साथ कई धमाकों की आवाजें सुनीं और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इलाके से धुआं उठता दिखाई दिया।
धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत आसपास की सड़कों को बंद कर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी पैलेस ने बताया कि धमाके होटल के पास हुए, लेकिन राष्ट्रपति मैक्रों के काफिले तक उनकी आवाज नहीं पहुंची। मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्होंने घटना के बाद भी अपना निर्धारित कार्यक्रम जारी रखा।
मैक्रों, पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद दमिश्क का दौरा करने वाले पहले प्रमुख यूरोपीय नेता हैं। दौरे के दौरान उन्होंने सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने ऐतिहासिक उमय्यद मस्जिद का भी दौरा किया।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सीरिया के पुनर्निर्माण, विदेशी निवेश, सुरक्षा सहयोग और आतंकवाद विरोधी प्रयासों को आगे बढ़ाना है। दोनों देशों के बीच बुनियादी ढांचे, वित्त और ऊर्जा क्षेत्र में संभावित सहयोग पर भी चर्चा हुई।
गौरतलब है कि 3 जुलाई को भी दमिश्क के पैलेस ऑफ जस्टिस के पास एक कैफे में आईईडी विस्फोट हुआ था, जिसमें पांच लोगों की मौत और 20 लोग घायल हुए थे। उस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि कुछ तत्व देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, हालांकि उस हमले को किसी आतंकी संगठन से नहीं जोड़ा गया था।