चक्रवात मोन्था का असर: तेलंगाना में भारी बारिश, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

हैदराबाद, 29 अक्टूबर 2025 — चक्रवात मोन्था का असर अब तेलंगाना में दिखाई दे रहा है। राज्य के कई जिलों में बीती रात से भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि हैदराबाद, नागरकुरनूल, नालगोंडा, वानापर्थी, रंगारेड्डी और सूर्यपेट जैसे जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है।
नागरकुरनूल में सुबह 5 बजे तक 167.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही। वहीं नालगोंडा में 131.3 मिमी, वानापर्थी और रंगारेड्डी में भी तेज वर्षा दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और प्रशासन सतर्क मोड पर है।
भारतीय मौसम विभाग ने तेलंगाना के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट आज और कल के लिए प्रभावी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा (Extremely Heavy Rainfall) की संभावना बनी हुई है, जिससे नदियों, नालों और जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि हो सकती है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (TSDMA) ने सभी जिलों के कलेक्टरों को सतर्क रहने और राहत दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
हैदराबाद नगर निगम ने भी आपात हेल्पलाइन नंबर सक्रिय किए हैं और जलभराव वाले इलाकों में राहत कार्यों के लिए टीमें तैनात की हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।
चक्रवात मोन्था, जो बीते दिनों आंध्र प्रदेश तट से टकराया था, अब उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसका प्रभाव तेलंगाना में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा के रूप में जारी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 24 घंटे राज्य के लिए बेहद अहम रहेंगे।





