|

उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग ने दिल्ली-एमपी-हरियाणा समेत 7 राज्यों में शीतलहर की चेतावनी जारी की

देश के कई हिस्सों में सर्दी ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले तीन से चार दिनों में छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और दक्षिण हरियाणा में रात के तापमान में सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वोत्तर भारत में भी अगले दो से तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी की संभावना है। ठंडी हवाओं के चलते कई राज्यों में सुबह और रात के समय कोहरा बढ़ने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में अगले दो दिनों तक गरज के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट के साथ ही वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी (Severe Category) में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज सुबह औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 419 दर्ज किया गया, जो “बेहद खराब” स्तर माना जाता है। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को घर से कम निकलने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि ठंड के दौरान पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें और सुबह-शाम यात्रा के दौरान सावधानी बरतें। प्रशासन ने भी हीटर, कंबल और राहत शिविरों की तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है।

Share

Similar Posts