कॉफी विद जीतू पटवारी: Gen-Z से किया संवाद, कहा- अब इंदौर में गूंजेगी छात्रों की आवाज

इंदौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को इंदौर में Gen-Z युवाओं के साथ ‘कॉफी विद जीतू पटवारी’ कार्यक्रम के तहत अनौपचारिक संवाद किया।
कॉफी टेबल पर हुई चर्चा में पढ़ाई, करियर, रोजगार, स्टार्टअप और सोशल मीडिया जैसे मुद्दों पर युवाओं से बातचीत की गई। पटवारी ने युवाओं के सवाल सुने और उनके साथ अलग-अलग विषयों पर खुलकर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि आज का युवा सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि अवसर चाहता है। कांग्रेस की कोशिश है कि युवाओं की आवाज को एक बड़ा मंच मिले।
‘अब इंदौर में गूंजेगी छात्रों की आवाज’
कार्यक्रम के दौरान जीतू पटवारी ने कहा, “युवा तैयार है, आवाज तैयार है, अब इंदौर में गूंजेगी छात्रों की आवाज। जननायक राहुल गांधी के स्वागत के लिए मध्यप्रदेश का युवा पूरी तरह तैयार है।”
19 सितंबर के कार्यक्रम की तैयारियां
बता दें कि 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लगातार युवाओं से संपर्क कर रहे हैं। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो रहे है। अभी तक 1 लाख युवा इसके लिए रजिस्टर कर चुके है।