ईंधन संरक्षण पर CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, सरकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से बनाया जाएगा EV

Vishnu Deo Sai ने प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किए गए आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल जैसे मूल्यवान संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना आज राष्ट्रीय आवश्यकता बन गया है।

मुख्यमंत्री साय ने बुधवार को कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है।

उन्होंने बताया कि इसी भावना से प्रेरित होकर राज्य सरकार शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उनके आधिकारिक दौरों के दौरान केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रियों और विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी संसाधनों और वाहनों के सीमित उपयोग की अपील की गई है।

मुख्यमंत्री ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार शासकीय परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में काम करेगी। इसके तहत सभी सरकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल ईंधन बचत में मदद करेगी, बल्कि प्रदूषण कम करने और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

साय ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बड़ा सकारात्मक परिवर्तन संभव है और यदि हर नागरिक ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी माने, तो यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “नेशन फर्स्ट” की भावना के साथ ईंधन संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि हर जागरूक कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक मजबूती में योगदान देगा।

Share

Similar Posts