विधानसभा पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, भवानीपुर से ली विधायक पद की शपथ

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को विधानसभा पहुंचकर भवानीपुर सीट से विधायक पद की शपथ ली। विधानसभा पहुंचने से पहले उन्होंने सीढ़ियों पर माथा टेककर प्रणाम किया, जिसके बाद उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
मुख्यमंत्री का स्वागत प्रोटेम स्पीकर और मानिकतला से भाजपा विधायक तापस राय ने किया। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और मुख्यमंत्री कक्ष में पूजा-अर्चना की। उन्होंने पूजा का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया।
विधानसभा कक्ष में पहुंचने के बाद प्रोटेम स्पीकर तापस राय ने सबसे पहले मुख्यमंत्री को शपथ दिलाई। भवानीपुर सीट से विधायक पद की शपथ लेने के बाद यह लगभग स्पष्ट हो गया कि वह नंदीग्राम सीट छोड़ सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने शपथ ग्रहण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया।
मुख्यमंत्री के बाद राज्य मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों और विधायकों ने भी शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल और निशीथ प्रमाणिक प्रमुख रहे। पहले चरण में करीब 80 विधायकों ने शपथ ली, जबकि दूसरे चरण की प्रक्रिया दोपहर बाद शुरू हुई।
विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण गुरुवार तक जारी रहेगा। 15 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है और सूत्रों के अनुसार तापस राय का नाम अध्यक्ष पद के लिए प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।






