मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले – प्रदेश में सामाजिक समरसता का नया वातावरण स्थापित हो रहा है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक समरसता और एकता का नया वातावरण स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में जो विकास और सामाजिक समरसता का सिलसिला शुरू हुआ था, वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और भी सशक्त रूप से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 में आयोजित सामाजिक समरसता सम्मेलन में विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का सामाजिक एकता और समानता के क्षेत्र में योगदान अमूल्य है, और उनके बताए मार्ग पर चलकर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
सम्मेलन में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, गोलू शुक्ला, डॉ. निशांत खरे, सुमित मिश्रा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, और नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। शहर में ड्रेनेज, जलप्रदाय लाइन और सड़क विकास कार्य तेज़ी से जारी हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा आज 600 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया है।
विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहाँ सभी समाज और वर्ग मिलकर विकास में भागीदारी निभा रहे हैं।
कार्यक्रम को सुमित मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, समाज प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






