|

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया 66 नए सीवरेज, डोर-टू-डोर और मोबाइल टेस्टिंग वाहनों का लोकार्पण, बोले – “इंदौर जो करता है, वह सबसे अलग करता है”

इंदौर, 27 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “इंदौर जो भी करता है, वह अनूठा और सबसे अलग होता है।” उन्होंने कहा कि इंदौर के साथ उज्जैन, धार, देवास, शाजापुर और भोपाल भी तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, और आने वाले समय में भोपाल-आष्टा तक का क्षेत्र एक नए मेट्रोपॉलिटन ज़ोन के रूप में विकसित होगा। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-02 सीवरेज डोर-टू-डोर एवं मोबाइल टेस्टिंग लैब के 66 नवीन वाहनों के लोकार्पण समारोह और सामाजिक समरसता सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने नवीन वाहनों की पूजा कर उनके संचालन संबंधी जानकारी ली और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी किया।

डॉ. यादव ने कहा कि इन नए वाहनों से अब घर-घर से कचरा संग्रहण और सीवरेज सेवाओं में और अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इंदौर की तरह उज्जैन, धार, देवास, शाजापुर और भोपाल भी स्वच्छता अभियान में आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के शासन में वहां व्यापक विकास की शुरुआत हुई थी।

डॉ. यादव ने कहा कि सामाजिक समरसता सम्मेलन में बैरवा, ब्राह्मण, वाल्मीकि, खाती, सिख, राजपूत, मराठी, वैश्य और जैन समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने सामाजिक एकता को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share

Similar Posts