क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी का IPO खुला, 25 फरवरी तक निवेश का मौका

रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की प्रमुख कंपनी क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड का बहुप्रतीक्षित आईपीओ (IPO) सोमवार से निवेशकों के लिए खुल गया है। निवेशक इस इश्यू में 25 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। कंपनी ने आईपीओ के लिए 1,000 रुपये से 1,053 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।
आईपीओ खुलने से पहले कंपनी ने 21 फरवरी को एंकर निवेशकों से लगभग 921 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके तहत 1,053 रुपये प्रति शेयर के भाव से 87,46,437 इक्विटी शेयर आवंटित किए गए। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में इस इश्यू को शुरुआती स्तर पर अच्छी रुचि मिल रही है।
कंपनी का कुल आईपीओ साइज करीब 3,100 करोड़ रुपये का है। इस इश्यू में फ्रेश शेयर जारी किए जा रहे हैं, साथ ही ऑफर फॉर सेल (OFS) भी शामिल है। निवेशक कम से कम 14 इक्विटी शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं और इसके बाद 14 के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं।
क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी एक कमर्शियल और इंडस्ट्रियल रिन्यूएबल एनर्जी सॉल्यूशंस प्रदाता कंपनी है, जिसकी स्थापना वर्ष 2010 में मुंबई में हुई थी। कंपनी की स्थापना कुलदीप जैन, प्रताप जैन और निधि जैन ने कॉर्पोरेट प्रमोटर बीजीटीएफ वन होल्डिंग्स लिमिटेड और केएमपीआईएनसी एलएलपी के साथ मिलकर की थी। कंपनी का फोकस कॉर्पोरेट ग्राहकों को सस्टेनेबल और ग्रीन एनर्जी समाधान उपलब्ध कराने पर है।
विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में बढ़ती ग्रीन एनर्जी डिमांड और सरकार की नवीकरणीय ऊर्जा नीतियों के चलते इस सेक्टर की कंपनियों में निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में यह आईपीओ बाजार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निवेशकों के लिए सलाह दी जा रही है कि आवेदन करने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, जोखिम कारकों और बाजार की स्थिति का आकलन जरूर करें।






