छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी ने किया नमन, अध्यक्ष नितिन नवीन ने दी श्रद्धांजलि

छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश साझा करते हुए शिवाजी महाराज के अदम्य साहस और दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया।
नितिन नवीन ने लिखा कि ‘हिंदवी स्वराज्य’ के महान प्रवर्तक और पराक्रम के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उन्होंने कहा कि मातृभूमि के प्रति उनका अटूट समर्पण और न्यायप्रिय शासन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने आगे कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन आत्मगौरव, संगठन शक्ति और राष्ट्रनिर्माण का संदेश देता है, जो वर्तमान पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है।
उल्लेखनीय है कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी 1630 को वर्तमान महाराष्ट्र राज्य के पुणे ज़िले स्थित शिवनेरी किला में हुआ था। उनके पिता शाहजी भोंसले बीजापुर सल्तनत के अधीन पुणे और सुपे की जागीरों के स्वामी थे, जबकि उनकी माता जीजाबाई धर्मपरायण और प्रेरणादायी व्यक्तित्व की धनी थीं।
मराठा साम्राज्य के संस्थापक शिवाजी महाराज ने अपने अद्वितीय सैन्य कौशल और रणनीति से अनेक किलों पर विजय प्राप्त की। उन्होंने मुगल सत्ता को चुनौती देते हुए स्वराज्य की स्थापना की और भारतीय इतिहास में स्वाभिमान, साहस और सुशासन का स्वर्णिम अध्याय जोड़ा।
आज भी शिवाजी जयंती के अवसर पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और उन्हें राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।






