चैत्र नवरात्र में शीतला धाम पर उमड़ा जनसैलाब, दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें

चैत्र नवरात्र के अवसर पर शीतला धाम में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। नवरात्र के चौथे दिन रविवार को अदलपुरा स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं।

शनिवार रात से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो भोर तक जारी रहा। तड़के करीब तीन बजे मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

मंदिर परिसर, आसपास की गलियों, चौक और गंगा घाट तक श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। भक्त ‘जय माता दी’ के जयकारे लगाते हुए कतार में आगे बढ़ते रहे और गर्भगृह में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

मां शीतला के आकर्षक और भव्य श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कोतवाल विजय शंकर सिंह और मेला प्रभारी उप निरीक्षक कुमार संतोष पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर में तैनात रहे।

Share

Similar Posts