इंदौर – जनगणना 2027: पोर्टल शुरू, अब आमजन खुद कर सकेंगे स्व-गणना; कलेक्टर शिवम वर्मा ने की शुरुआत

जनगणना 2027 के तहत अब देश में डिजिटल पहल को बढ़ावा देते हुए स्व-गणना (Self Enumeration) पोर्टल की शुरुआत कर दी गई है। इस नई सुविधा के माध्यम से आम नागरिक अब स्वयं अपनी जनगणना की जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी बन सकेगी।
इस पहल की शुरुआत शिवम वर्मा ने स्वयं अपना फॉर्म भरकर की। उन्होंने इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग को बढ़ावा देते हुए नागरिकों को प्रेरित किया कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास और योजनाओं की आधारशिला होती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसमें अपनी सही और पूर्ण जानकारी देकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दे।
उन्होंने यह भी कहा कि ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा से समय की बचत होगी और लोगों को घर बैठे ही अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इससे पारंपरिक प्रक्रिया में लगने वाले संसाधनों और समय में भी कमी आएगी।
प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे डिजिटल माध्यम को अपनाते हुए इस पहल को सफल बनाएं और अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करें।






