पश्चिम एशिया के 7 देशों में CBSE की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं रद्द

CBSE Board Exams को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने पश्चिम एशिया के सात देशों में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने का निर्णय लिया है। यह फैसला क्षेत्र में मौजूदा हालात और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सीबीएसई द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित संबद्ध स्कूलों के छात्रों के लिए 16 मार्च से 10 अप्रैल के बीच निर्धारित सभी Class 12 Exams रद्द कर दिए गए हैं।
बोर्ड ने बताया कि इन देशों में परीक्षाएं आयोजित करने की संभावना पर संबंधित स्कूलों और स्थानीय प्रशासन से मिले सुझावों के आधार पर समीक्षा की गई थी। समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि मौजूदा परिस्थितियों में परीक्षाओं का आयोजन संभव नहीं है।
इसके साथ ही 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च, 7 मार्च और 9 मार्च 2026 के परिपत्रों के माध्यम से पहले स्थगित की गई परीक्षाओं को भी अब रद्द माना जाएगा। CBSE ने कहा है कि इन देशों के छात्रों के परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया और मूल्यांकन का तरीका अलग से घोषित किया जाएगा।






