विंबलडन 2026 से बाहर हुए कार्लोस अल्कराज, कलाई की चोट बनी वजह

दुनिया के नंबर-2 टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज ने विंबलडन 2026 से हटने का बड़ा फैसला लिया है। स्पेनिश स्टार खिलाड़ी ने बताया कि वह कलाई की चोट से अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके चलते वह घास के कोर्ट सीजन में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

23 वर्षीय अल्कराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनकी रिकवरी अच्छी चल रही है, लेकिन वह अभी प्रतियोगी टेनिस खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं।

अल्कराज ने लिखा, “मेरी रिकवरी अच्छी चल रही है और मैं पहले से बेहतर महसूस कर रहा हूं, लेकिन दुर्भाग्य से मैं अभी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हूं। इसी वजह से मुझे क्वींस और विंबलडन से हटना पड़ रहा है। ये दोनों टूर्नामेंट मेरे लिए बेहद खास हैं और मैं इन्हें बहुत मिस करूंगा।”

फ्रेंच ओपन 2026 से भी हट चुके हैं

गौरतलब है कि कार्लोस अल्कराज इससे पहले फ्रेंच ओपन 2026 से भी बाहर हो चुके हैं, जहां वह गत चैंपियन थे। उन्हें पिछले महीने बार्सिलोना ओपन के पहले दौर के मुकाबले के दौरान कलाई में चोट लगी थी। उस मैच में उन्होंने ओटो विर्टानेन को हराया था, लेकिन बाद में टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया।

इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर बनाया रिकॉर्ड

अल्कराज ने इसी साल ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। मौजूदा सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने 22-3 का रिकॉर्ड दर्ज करते हुए दोहा ओपन का खिताब भी जीता।

हालांकि, मोंटे कार्लो मास्टर्स फाइनल में यानिक सिनर से हारने के बाद वह अपनी विश्व नंबर-1 रैंकिंग गंवा बैठे थे। अब विंबलडन से बाहर होने के कारण उनके फैंस को उनकी वापसी का और इंतजार करना पड़ेगा।

Share

Similar Posts